New Delhi News: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अफगानिस्तान के 227 रनों के जवाब में भारत ने 36.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब 14 नवंबर को खिताबी मुकाबले में भारत की टक्कर पाकिस्तान से होगी।
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान को 8 विकेट से पराजित कर एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी (93 रन), वीके विनीत (नाबाद 57 रन) और आर्यवीर सहवाग (51 रन) की पारियों की बदौलत 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 230 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की।
शनिवार को पाकिस्तान से होगी खिताबी भिड़ंत
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय टीम के पास खिताबी मुकाबले में मौजूदा टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में पाकिस्तान से मिली हार और वर्ष 2025 के फाइनल की हार का हिसाब बराबर करने का अवसर होगा।
लक्ष्य और आर्यवीर ने रखी जीत की नींव
228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 102 गेंदों पर 117 रनों की शतकीय साझेदारी कर भारत की जीत का आधार तैयार किया।
आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। वह 17वें ओवर में नूर अली नियाजी की गेंद पर फरीदुल्लाह एहसास को कैच थमा बैठे। इसके बाद कप्तान लक्ष्य ने एक छोर संभाले रखा और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने 90 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 93 रनों की पारी खेली। हालांकि, 32वें ओवर में सोहेल खान की गेंद पर मोहम्मद अली ने उनका कैच लपक लिया और वह शतक से 7 रन दूर रह गए।
वीके विनीत ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
कप्तान लक्ष्य के आउट होने के बाद वीके विनीत और यशवर्धन चौहान ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 36 रनों की नाबाद साझेदारी की। विनीत ने 62 गेंदों पर 5 चौकों और एक छक्के की सहायता से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि यशवर्धन चौहान 14 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर नाबाद रहे। वीके विनीत ने नूर अली नियाजी की गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
ईशान सूद और आर्यन सवसानी की सधी हुई गेंदबाजी
इससे पहले टॉस हारकर या पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत धीमी रही और 51 रन के कुल स्कोर तक अबिदुल्लाह नादरजान (14 रन) और फरीदुल्लाह एहसास (13 रन) पवेलियन लौट गए। तीसरे विकेट के लिए सुभान जखाइल (31 रन) और नमन सलारजई ने 35 रन जोड़े।
मध्यक्रम में नमन सलारजई (78 गेंदों पर 51 रन) और शाह फैसल रहीमी (72 गेंदों पर 51 रन) ने चौथे विकेट के लिए 98 गेंदों पर 57 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। अंत में कप्तान सोहेल खान ने 44 गेंदों पर नाबाद 36 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि आर्यन सवसानी ने 7 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए। काव्या पटेल, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को एक-एक सफलता मिली।