चूरू पंचायत चुनाव प्रचार में कलमा और सलाम वालेकुम बोलते नजर आए राजेन्द्र राठौड़ व उनकी बहू कनिका सिंह, वीडियो वायरल

Share

- Advertisement -

Churu News: राजस्थान पंचायती राज चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ और उनकी पुत्रवधू कनिका सिंह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पीथिसर गांव की चुनावी सभाओं के इन वीडियो में राठौड़ ‘कलमा’ बोलते और कनिका सिंह ‘सलाम वालेकुम’ कहती नजर आ रही हैं।

राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के अंतिम चरण के तहत आगामी 14 और 16 नवंबर को मतदान होना है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिग्गज नेता राजेन्द्र राठौड़ अपने गृह जिले चूरू में प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। हाल ही में राठौड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें वे ‘कलमा’ बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले उनकी पुत्रवधू कनिका सिंह का भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे सभा को संबोधित करते हुए ‘सलाम वालेकुम’ कहती नजर आई थीं।

पीथिसर गांव की चुनावी सभा के बताए जा रहे हैं वीडियो

राजनीतिक गलियारों में इन दोनों वीडियो को अल्पसंख्यक मतदाताओं को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र राठौड़ का यह वीडियो चूरू के पीथिसर गांव में चुनाव प्रचार के दौरान का है, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है।

इस वीडियो में राठौड़ ‘कलमा’ पढ़ने के बाद खुदा और भगवान को एक बताते हुए कहते हैं, “ईश्वर-अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान, जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजे सो हरि का होय।” इससे पूर्व कनिका सिंह का भी पीथिसर गांव की एक चुनावी सभा का वीडियो वायरल हुआ था।

चूरू जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर, बेटे और बहू मैदान में

इस बार के पंचायत चुनाव में राजस्थान के कई प्रमुख नेताओं के परिवार के सदस्य चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसी क्रम में राजेन्द्र राठौड़ ने भी अपनी अगली पीढ़ी को सीधे राजनीति में उतारा है। उनके इकलौते बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह दोनों बीजेपी के टिकट पर जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।

चूरू में इस बार जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, राठौड़ की नजर जिला प्रमुख की कुर्सी पर है और वे अपनी बहू कनिका सिंह को इस पद पर काबिज कराने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। नामांकन के दिन भी राठौड़ के आवास पर सभा आयोजित करने के बाद सभी बीजेपी उम्मीदवारों ने एक साथ नामांकन दाखिल किया था।

जमीनी पकड़ और सियासी पृष्ठभूमि

चूरू जिले की सरदारशहर तहसील के हरपालसर गांव के निवासी राजेन्द्र राठौड़ सात बार विधायक रह चुके हैं। इनमें से वे छह बार चूरू विधानसभा क्षेत्र और एक बार तारानगर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। कार्यकर्ताओं को नाम से पहचानने और जमीनी जुड़ाव के लिए चर्चित राठौड़ की चूरू के अल्पसंख्यक वर्ग में भी पुरानी पैठ मानी जाती है।

पिछले विधानसभा चुनाव में तारानगर सीट से कांग्रेस के नरेन्द्र बुडानिया के हाथों हार का सामना करने के बाद से ही उनके समर्थक उन्हें किसी नई जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद कर रहे थे। फिलहाल वे अपने बेटे और बहू की जीत सुनिश्चित करने के लिए चूरू के ग्रामीण इलाकों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।

Read more

Related News