मुंबई लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ के विरोध पर युवती को चलती ट्रेन से दिया धक्का, 53 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Mumbai News: मुंबई की लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 53 वर्षीय आरोपी ने एक युवती को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे ट्रेन की चपेट में आकर युवती ने अपना हाथ गंवा दिया। 4 नवंबर को नायगांव रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना के बाद भायंदर जीआरपी और वसई रोड आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई की लोकल ट्रेन में यात्रा के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती को चलती ट्रेन से धक्का देने वाले 53 वर्षीय आरोपी को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पालघर जिले के नायगांव (ईस्ट) निवासी आरोपी ने 4 नवंबर की शाम इस वारदात को अंजाम दिया था। ट्रैक पर गिरने के कारण ट्रेन की चपेट में आने से पीड़िता ने अपना हाथ गंवा दिया।

छेड़छाड़ के विरोध पर हुआ विवाद और दिया धक्का

पीड़िता द्वारा 6 नवंबर को पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, 4 नवंबर की शाम करीब सात बजे वह रोज की तरह लोकल ट्रेन से बोरीवली से नायगांव जा रही थी। यात्रा के दौरान पास खड़े एक अधेड़ व्यक्ति ने गलत नीयत से उसे छूना शुरू कर दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया और कहा कि “तुम्हारे घर में मां-बेटी नहीं हैं क्या”, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई और चप्पल चलने की नौबत आ गई। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने युवती को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया। पीड़िता ने खुद को बचाने के लिए पकड़ बनाने की कोशिश की, लेकिन वह संतुलन खोकर दो डिब्बों के बीच रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। संभलने का मौका मिलने से पहले ही ट्रेन उसके हाथ के ऊपर से गुजर गई।

नायगांव स्टेशन के पास ट्रैक पर लहूलुहान मिली थी युवती

घटना के तुरंत बाद नायगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास ट्रैक पर युवती को लहूलुहान और अचेत अवस्था में देख यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तत्काल वसई के जनसेवा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे मुंबई के कूपर अस्पताल रेफर किया गया।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

शुरुआत में पुलिस को यह मामला सामान्य रेल दुर्घटना का लगा था, लेकिन 6 नवंबर को पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद जांच की दिशा बदल गई। पुलिस ने लोकल ट्रेन के पूरे रूट और रास्ते में पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध की पहचान होने और पीड़िता द्वारा शिनाख्त की पुष्टि किए जाने के बाद भायंदर जीआरपी और वसई रोड आरपीएफ की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

करीब तीन दिनों की तलाश के बाद संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। भायंदर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Read more

Related News