Kangra News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कन्दबाड़ी, पालमपुर में जिला स्तरीय स्कूल गेम्स का आयोजन हुआ। 21 और 22 सितंबर को हुई इस प्रतियोगिता में खुंडियां के चार खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-35 किलोग्राम भार वर्ग में वर्णिका राणा ने शानदार जीत दर्ज कर स्टेट लेवल कॉम्पिटिशन में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में दिव्यांशी राणा महज एक पॉइंट के अंतर से चूक गईं और दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं अन्य प्रतिभागियों में शामिल भैरवी ठाकुर और खुशबू ने भी बेहतरीन खेल दिखाया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल राउंड तक का सफर तय किया और क्षेत्र का मान बढ़ाया।
वर्णिका राणा के राज्य स्तर पर चुने जाने से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर ये होनहार बेटियां खेलों के जरिए अपनी पहचान बना रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की यह उपलब्धि इलाके के अन्य युवाओं को खेलों की तरफ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
वर्णिका के माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाकर चल रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को बुरी संगत से दूर रखने और उनके व्यक्तित्व विकास के लिए उन्हें खेलों से जरूर जोड़ें। वर्णिका अब राज्य स्तरीय मुकाबले की तैयारी में जुट गई हैं।