बिलासपुर के लुहणू मैदान को मिली बड़ी उपलब्धि, 30 अक्टूबर से होगी अंडर-19 टी-20 महिला चैलेंजर ट्रॉफी

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: रणजी ट्रॉफी के शानदार आयोजन के बाद बिलासपुर के ऐतिहासिक लुहणू मैदान ने नया मुकाम हासिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अंडर-19 टी-20 महिला चैलेंजर ट्रॉफी 30 अक्टूबर से यहां आयोजित होगी। इस राष्ट्रीय स्तर की बड़ी प्रतियोगिता में देश भर की युवा महिला प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी।

बीसीसीआई कैंप से चुनी गई शीर्ष खिलाड़ियों को चार टीमों इंडिया-ए, इंडिया-बी, इंडिया-सी और इंडिया-डी में बांटा गया है। बिलासपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि सभी खिलाड़ी 27 अक्टूबर तक पहुंचेंगी। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को अभ्यास सत्र होगा तथा 30 अक्टूबर से मुकाबले शुरू होंगे।

शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के विशेष प्रयासों से बिलासपुर को यह मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए नकद पुरस्कार रखे गए हैं। हर मैच में प्लेयर ऑफ द मैच को 15,000 रुपये और प्लेयर ऑफ द सीरीज को 75,000 रुपये दिए जाएंगे।

शेड्यूल के अनुसार 30 अक्टूबर को इंडिया-ए बनाम इंडिया-सी और दोपहर में इंडिया-बी बनाम इंडिया-डी मैच होगा। इसके बाद 1 नवंबर को इंडिया-बी का सामना इंडिया-सी से और इंडिया-ए का मुकाबला इंडिया-डी से होगा। 3 नवंबर को इंडिया-ए बनाम इंडिया-बी और इंडिया-सी बनाम इंडिया-डी के अहम मुकाबले खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट का अंतिम दिन बेहद रोमांचक रहेगा, जब 5 नवंबर को सुबह तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। इसके बाद दोपहर के सत्र में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। पत्रकार वार्ता में आरके रघु, विजय सोनी और हर्ष मेहता सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News