Lucknow News: लखनऊ स्थित प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में वीआईपी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा की गई सुरक्षा जांच और उसकी गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर मंदिर परिसर में कड़े सुरक्षा मानकों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी है। इस नई व्यवस्था के तहत मंदिर के पुजारियों, कर्मचारियों और परिसर में दुकान लगाने वाले दुकानदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया जाएगा, साथ ही सुरक्षा की जिम्मेदारी पूर्व सैनिकों को सौंपी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में वीआईपी हस्तियों की लगातार आमद के मद्देनजर एनएसजी की टीम ने परिसर का सुरक्षा निरीक्षण किया था। एनएसजी की रिपोर्ट मिलने के बाद मंदिर प्रशासन ने परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने और सुरक्षा तंत्र को अधिक व्यवस्थित बनाने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत मंदिर से जुड़े सभी लोगों और दुकानदारों का पूरा विवरण जुटाया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
एनएसजी टीम के प्रमुख दिशा-निर्देश
सुरक्षा जांच के बाद एनएसजी टीम ने मंदिर प्रशासन को निम्नलिखित प्रमुख दिशा-निर्देश दिए हैं:
- पूर्व सैनिकों की तैनाती: मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए कम से कम पांच पूर्व सैनिकों (एक्स-आर्मी) की तैनाती की जाए।
- चहारदीवारी की सुरक्षा: विश्वविद्यालय मार्ग की ओर स्थित चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाई जाए और उस पर कंटीले तार लगाए जाएं।
- सीसीटीवी निगरानी: श्री गणेशजी मंदिर के पीछे निचले परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- परिसर की सफाई: शिव मंदिर हॉल में रखे अनावश्यक कबाड़ को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
- अनिवार्य पुलिस सत्यापन: मंदिर के सभी कर्मचारियों और पुजारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
- दुकानदारों के दस्तावेज: दुकानदारों और उनके कर्मचारियों के पहचान पत्र (आधार कार्ड) और पुलिस सत्यापन की प्रति मंदिर प्रशासन के पास जमा कराई जाए।
- खाद्य सुरक्षा मानक: मंदिर परिसर के बाहर प्रसाद की दुकानों पर खाद्य एवं औषधि नियंत्रण विभाग के आवश्यक प्रमाण-पत्र अनिवार्य किए जाएं।
- बंद दुकानों पर कार्रवाई: श्री गणेश जी के गेट पर लंबे समय से बंद पड़ी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाए।
- सतर्कता निर्देश: परिसर एवं आसपास किसी भी संदिग्ध या अवांछनीय गतिविधि की जानकारी तत्काल मंदिर प्रशासन को दी जाए।
चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे सुरक्षा इंतजाम
“एनएसजी की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर परिसर में दुकानदारों और पुजारियों का सत्यापन कराया जाएगा। सुरक्षा की जिम्मेदारी पूर्व सैनिकों को सौंपने की योजना है। सुरक्षा संबंधी सभी जरूरी इंतजाम चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे। मंदिर की सुरक्षा के लिए पहले से ही दो पूर्व सैनिकों की तैनाती है।”
— सदाकांत, अध्यक्ष, हनुमान सेतु मंदिर ट्रस्ट