दिल्ली में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, शनिवार को खरना और रविवार को पहला अर्घ्य

Share

- Advertisement -

New Delhi News: लोक आस्था के महापर्व छठ का उल्लास राजधानी दिल्ली में छा गया है। सूर्यदेव और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी षष्ठी की आराधना के चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ हो गई। पूर्वांचल की संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इस महापर्व को लेकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भक्ति और उत्साह का माहौल है, तथा घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं।

संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा से इस कठिन व्रत का संकल्प ले रहे हैं। पहले दिन नहाय-खाय पर व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई करने के बाद स्नान किया। कई श्रद्धालु यमुना नदी में स्नान करने पहुंचे, जबकि अधिकतर व्रतियों ने घर पर ही स्नान कर पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ प्रसाद तैयार किया। इसमें सेंधा नमक से बनी लौकी की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल प्रमुख रही, वहीं कई घरों में लौकी की पकौड़ी भी बनाई गई। भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया गया। नहाय-खाय के साथ ही व्रतियों की दिनचर्या बदल गई है और वे अब जमीन पर सोकर सात्विक नियमों का पालन कर रहे हैं।

यमुना तट से लेकर कृत्रिम घाटों तक तैयारियां तेज

राजधानी में यमुना किनारे बने प्रमुख घाटों से लेकर विभिन्न कॉलोनियों और आवासीय क्षेत्रों में बनाए जा रहे कृत्रिम घाटों तक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूजा समितियों और स्थानीय निवासियों द्वारा घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट की जा रही है। कई स्थानों पर बांस-बल्लियों से अस्थायी ढांचे तैयार किए जा रहे हैं, जबकि व्रतियों की सुविधा के लिए दरी बिछाने, टेंट लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही मिट्टी की वेदियां बनाकर उन्हें सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें।

शनिवार को खरना, रविवार को संध्या अर्घ्य और सोमवार को समापन

महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को ‘खरना’ का अनुष्ठान किया जाएगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को स्नान करने के बाद भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ और चावल से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो जाएगा।

रविवार को छठ महापर्व का मुख्य अनुष्ठान होगा, जब व्रती अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इस दिन घरों में पारंपरिक तरीके से ठेकुआ और अन्य पकवान तैयार किए जाएंगे। बांस के सूप और दउरा में मौसमी फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर परिवार के साथ घाटों पर ले जाया जाएगा। इसके पश्चात सोमवार की सुबह व्रती घाटों पर पहुंचकर उदीयमान (उगते) सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे और पारण के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News