शीतकाल के लिए आज बंद होंगे केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट, जानें मुहूर्त और प्रस्थान का समय

Share

- Advertisement -

Kedarnath News: उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट आज 11 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जा रहे हैं। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव के लिए रवाना होगी।

उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के दो प्रमुख धामों—केदारनाथ और यमुनोत्री—के कपाट भैयादूज के पावन पर्व पर शीतकालीन अवधि के लिए विधिवत रूप से बंद किए जा रहे हैं। इसके साथ ही दोनों धामों में ग्रीष्मकालीन दर्शन का समापन हो जाएगा और देवी-देवताओं के विग्रह अपने-अपने शीतकालीन गद्दीस्थलों के लिए प्रस्थान करेंगे।

सुबह 8:30 बजे बंद होंगे बाबा केदार के कपाट

श्री केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर की सुबह 8:30 बजे धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के पश्चात बाबा केदार की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना होगी।

कपाट बंद होने की तैयारियों के तहत मंगलवार को नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों से एकत्र कचरे को नजदीकी एमआरएफ (MRF) सेंटर पहुंचाया गया, जहां कचरे का पृथक्करण और निस्तारण किया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए धाम क्षेत्र में सफाई और अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।

शुभ मुहूर्त में 10:28 बजे बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी।

यमुनोत्री मंदिर समिति के अनुसार, कपाट बंद करने का शुभ समय कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में सुबह 10:28 बजे निर्धारित किया गया है। मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि धाम के कपाट बंद होने के बावजूद श्रद्धालु शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News