शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में होंगे बाबा के दर्शन

Share

- Advertisement -

Rudraprayag News: विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। इस यात्रा वर्ष साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया।

कड़ाके की ठंड और धार्मिक उल्लास के बीच श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक और भावुक क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से पहुंचे पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी में मौजूद रहे। मंदिर को भव्य रूप से देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया था। आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना उनके गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी, जहां भक्त दर्शन कर सकेंगे।

समाधि स्वरूप के बाद सुबह 8:30 बजे बंद हुए मुख्य कपाट

कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया बुधवार तड़के 3:30 बजे मंदिर खोले जाने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी, आचार्यों और वेदपाठियों की उपस्थिति में गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की। भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से समाधि स्वरूप देकर गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद बाबा की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को सभामंडप से बाहर परिसर में लाया गया और सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इससे पूर्व सात नवंबर को क्षेत्रपाल बाबा भैरवनाथ के कपाट भी बंद किए जा चुके थे।

सेना के बैंड की धुनों के बीच ऊखीमठ के लिए रवाना हुई डोली

कपाट बंद होने के उपरांत भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और ‘जय श्री केदार’ के जयकारों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि डोली बुधवार को अपने प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंची। 12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान होगी।

साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस यात्रा वर्ष केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के आगमन का नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि इस वर्ष रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने सफल यात्रा संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, हक-हकूकधारियों और तीर्थयात्रियों का आभार जताया। कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ समेत प्रशासनिक और मंदिर समिति के अधिकारी उपस्थित रहे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News