Chamba News: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने 2027 के हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि प्रदेश को कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और झूठे वादों से मुक्ति दिलाने का जनसंकल्प है।
डलहौजी और भटियात मंडलों में आयोजित बैठकों के दौरान विपिन सिंह परमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ, मंडल और पन्ना स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता ही हैं।
परमार ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की असफलताओं को जनता के सामने उजागर करने को कहा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का हर वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों से त्रस्त है। झूठे वादे और राजनीतिक बदले की भावना इस सरकार की मुख्य पहचान बन चुकी है।
चंबा में दिए गए अपने बयान पर उठे विवाद पर परमार ने कांग्रेस और उसके आईटी सेल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। परमार ने साफ किया कि उनका परामर्श कांग्रेस नेताओं के अभद्र आचरण को लेकर था।