हिमाचल में सियासी घमासान, प्रतिभा सिंह के बयान पर जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू और कांग्रेस पर साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह के बयान के बाद कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पूरी तरह जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को लगता है कि वे होलीलॉज को हटाने में सफल रहे हैं, लेकिन यह सोच बिल्कुल गलत है। जिस नेता का हिमाचल के विकास में अहम योगदान रहा, उन्हें भुलाना और अपमानित करना कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस अपने ही दिग्गजों की उपेक्षा कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की बयानबाजी के बाद पार्टी की गुटबाजी सतह पर आ गई है। मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा के अंदर गुट गिनाते रहते हैं। उन्हें अपने भीतर झांकना चाहिए, क्योंकि आज कांग्रेस में अनगिनत गुट बन चुके हैं और पार्टी के नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है। कांग्रेस नेताओं को अराजकता फैलाने से बचना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के सम्मान की बात कही।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे पड़ोसी देश बांग्लादेश के राजनीतिक हालात से काफी प्रभावित दिख रहे हैं। कांग्रेस नेता को लगता है कि अराजकता फैलाकर चुनी हुई सरकार गिराई जा सकती है, लेकिन वे बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं। भारत में ऐसी साजिश कभी सफल नहीं होगी।

जयराम ठाकुर ने मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा के रंगोली कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने महिला मोर्चा की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और मेयर सुमन ठाकुर मौजूद रहीं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News