राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मनाली के हिडिंबा मंदिर और अटल टनल का दौरा, बेटी इतिश्री ने देखी रोरिख आर्ट गैलरी

Share

- Advertisement -

Manali News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन बुधवार को मनाली के ऐतिहासिक हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने रोहतांग स्थित अटल टनल का दौरा कर इसकी बेहतरीन इंजीनियरिंग की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें सुरंग से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी।

समुद्र तल से 10 हजार फुट से अधिक ऊंचाई पर बनी 9.02 किलोमीटर लंबी अटल सुरंग के उत्तरी द्वार पर स्थानीय लोगों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक स्वागत किया। राज्यपाल कविंदर गुप्ता, आतिथ्य मंत्री राजेश धर्माणी, मंडी सांसद कंगना रनौत, विधायक अनुराधा राणा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बाहंग हेलीपैड पर उतरी थीं, जहां राज्यपाल कविंदर गुप्ता और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति 8 अक्टूबर तक मनाली के सर्किट हाउस में ठहरेंगी। बुधवार शाम उन्होंने मनाली के प्रसिद्ध मॉल रोड पर पैदल सैर का भी आनंद लिया।

इस बीच उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू ने नग्गर स्थित ‘निकोलस रोरिख आर्ट गैलरी एंड एस्टेट’ का दौरा किया। उन्होंने संग्रहालय की क्यूरेटर डॉ. लारिसा सुरगिना से बात की और “पर्वतों के चित्रकार” रोरिख की कलाकृतियों की जमकर तारीफ की। इतिश्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति के साथ यहां फिर आना चाहेंगी।

राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर मनाली और लाहौल-स्पीति में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सांसद कंगना रनौत ने कहा कि राष्ट्रपति का इन खूबसूरत पहाड़ियों पर आना स्थानीय लोगों का सौभाग्य है। वहीं लोकभवन ने अटल टनल को भारत की तकनीकी क्षमता और दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने वाली प्रतिबद्धता का बड़ा उदाहरण बताया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News