Dehradun News: उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति तय कर ली है। पार्टी प्रचार अभियान के दौरान प्रदेश सरकार की विफलताओं को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में 15 दिसंबर तक के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने की। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की तीन-तीन जनसभाएं कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। तीनों नेताओं के कार्यक्रमों की तिथि और समय तय करने का जिम्मा प्रदेश प्रभारी को सौंपा गया है।
26 नवंबर को लोक भवन कूच करेगी पार्टी
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे हस्ताक्षर अभियान पर भी चर्चा हुई। इससे संबंधित बैनर सोमवार और मंगलवार को सभी जिलों और ब्लाकों से प्रदेश मुख्यालय पहुंच जाएंगे। 26 नवंबर को लोक भवन कूच कर इन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा। विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार से जुड़े विषयों पर बुकलेट भी तैयार कर जनता को बांटी जाएगी।
2 दिसंबर को हरिद्वार में सम्मेलन
बैठक में दो दिसंबर को प्रदेश, जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन हरिद्वार में आयोजित करने का फैसला किया गया। चुनाव घोषणा पत्र का काम अंतिम चरण में है और इसके प्रमुख बिंदुओं को पैंफलेट के माध्यम से जनता के बीच रखा जाएगा। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और करन माहरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।