Delhi News: उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दूसरे दौर की बैठक पूरी हो गई। बैठक के बाद सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि एक-एक सीट पर चर्चा हो रही है और अगली दो बैठकों में चर्चा पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी किसी ने सीटों की मांग नहीं की है।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के लिए दिल्ली में बैठक हुई। बैठक के बाद बाहर निकले सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि हम एक-एक सीट पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 403 सीटें बहुत सीटें हैं, इसलिए अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई है, लेकिन अगली दो बैठकों के बाद चर्चा पूरी कर ली जाएगी।
रामगोपाल यादव ने कहा, “हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की। बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई। 403 सीटें बहुत सीटें हैं इसलिए अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाया है लेकिन आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरा कर लेंगे… किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सब सीटों पर चर्चा कर रहे हैं… वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है… जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे।”
राजीव राय और गौतम ने क्या कहा
सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि सीट दर सीट बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले भी कहा था कि हर सीट पर चर्चा होगी। सभी ने अपने समीकरण बताए हैं और हम लोग उसका अध्ययन कर रहे हैं।
सीट शेयरिंग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगली दो बैठकों के अंदर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि काफी बड़ी मात्रा में सीटों पर चर्चा हो चुकी है और एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत हुई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है और दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं।
गौतम ने कहा कि अगली दो बैठकों में इसे संपन्न कर लिया जाएगा और समझौता हो जाएगा। गौरतलब है कि पहले दौर की बैठक 23 नवंबर को हुई थी, जो करीब 20 मिनट तक चली थी। उस बैठक में कांग्रेस ने अपनी दावेदारी वाली सीटों की सूची सौंपी थी, जिसके जवाब में सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा था।