दादा की संपत्ति में पोते का जन्म से हक नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला

Share

- Advertisement -

National News: सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि दादा से पिता को विरासत में मिली हर संपत्ति अपने आप पुश्तैनी नहीं हो जाती। अदालत ने 6 नवंबर 2026 को जे राजेश बनाम एम कुमारन मामले में कहा कि पिता के रहते पोता सिर्फ परिवार का सदस्य होने के आधार पर दादा की संपत्ति में जन्म से हिस्सा नहीं मांग सकता।

अदालत ने कहा कि अगर किसी हिंदू व्यक्ति की मौत बिना वसीयत के होती है और उसकी संपत्ति हिंदू उत्तराधिकार कानून के तहत उसके बेटे को मिलती है, तो वह संपत्ति बेटे की निजी संपत्ति मानी जाएगी। वह अपने आप संयुक्त परिवार की संपत्ति नहीं बन जाती। इसका मतलब है कि अगर दादा की मौत के बाद उनके बेटे यानी पोते के पिता को संपत्ति मिलती है, तो पोता सिर्फ इस आधार पर उसमें अपना हिस्सा नहीं मांग सकता कि संपत्ति पहले उसके दादा की थी।

अदालत ने यह भी कहा कि पिता के जीवित रहने पर पोता दादा का सीधे क्लास-1 वारिस भी नहीं माना जाएगा, जब तक कानून के तहत कोई दूसरी स्थिति लागू न हो।

1,811 वर्ग फुट प्लॉट से जुड़ा था मामला

यह मामला 1,811 वर्ग फुट के एक प्लॉट से जुड़ा था। यह संपत्ति एन. रामकृष्णन की थी। साल 1993 में उनकी बेटी ने परिवार की संपत्ति के बंटवारे की मांग की थी। इसके बाद 3 फरवरी 1994 को अदालत की मंजूरी से हुए समझौते में यह प्लॉट उनके बेटे एम कुमारन के हिस्से में आया। अप्रैल 1997 में कुमारन ने यह प्लॉट दो खरीदारों को बेच दिया।

इसके बाद उनके नाबालिग बेटे जे राजेश ने अपनी मां के जरिए अदालत में याचिका दायर की। उसने दावा किया कि यह उसके दादा की संपत्ति थी और हिंदू संयुक्त परिवार का सदस्य होने के कारण उसका इसमें जन्म से आधा हिस्सा है। शुरुआत में निचली अदालत ने पोते के पक्ष में फैसला दिया। लेकिन अगस्त 2010 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने भी पोते की अपील खारिज कर दी।

कानून की किन धाराओं पर हुई सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 की धारा 8 का हवाला दिया। यह धारा बताती है कि किसी हिंदू पुरुष की बिना वसीयत मौत होने पर उसकी संपत्ति किसे मिलेगी। अदालत के मुताबिक इस कानून के तहत बेटे को पिता से मिली संपत्ति उसकी व्यक्तिगत संपत्ति होती है। बच्चे उसमें जन्म के आधार पर अपने आप हिस्सेदार नहीं बन जाते।

सुप्रीम कोर्ट ने धारा 6 पर भी विचार किया, जो हिंदू संयुक्त परिवार की पैतृक संपत्ति में सहदायिक अधिकारों से जुड़ी है। अदालत ने कहा कि इस मामले में पहले ही संपत्ति का बंटवारा हो चुका था, इसलिए यह प्रावधान लागू नहीं होता। तमिलनाडु में लागू हिंदू उत्तराधिकार कानून की धारा 29-A भी इस मामले में लागू नहीं पाई गई।

कब मिल सकता है पोते को हक

ऐसा नहीं है कि पोते का दादा की संपत्ति में कभी अधिकार हो ही नहीं सकता। असली बात यह है कि संपत्ति किस तरह मिली है और उसका कानूनी स्वरूप क्या है। अगर संपत्ति कानूनी रूप से पैतृक या संयुक्त परिवार की सहदायिक संपत्ति है, तो पोते को उसमें जन्म से अधिकार मिल सकता है। वहीं, अगर पिता को दादा से संपत्ति हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 8 के तहत मिली है, तो वह सामान्य तौर पर पिता की पर्सनल संपत्ति होगी। इसलिए किसी संपत्ति को सिर्फ इसलिए पुश्तैनी नहीं कहा जा सकता कि वह दादा या उससे पहले की पीढ़ियों से परिवार में चली आ रही है। पोते का अधिकार तय करने के लिए यह देखना जरूरी है कि संपत्ति किस कानून और किस तरीके से मौजूदा मालिक तक पहुंची है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News