Kalinganagar News: टाटा स्टील ओडिशा स्थित अपने कलिंगनगर संयंत्र में इस्पात निर्माण के दौरान निकलने वाली बेकार गैसों से प्रतिदिन 10 टन हाइड्रोजन का उत्पादन करने की योजना बना रही है। इस परियोजना के लिए कंपनी ने अमेरिकी तकनीक कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ समझौता किया है। बोर्ड की मंजूरी के बाद यह देश में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट होगा।
टाटा स्टील ओडिशा के कलिंगनगर स्थित अपने इस्पात संयंत्र में एक नई तकनीक के जरिए बेकार गैसों से हाइड्रोजन बनाने जा रही है। इस्पात उत्पादन की प्रक्रिया में बड़ी मात्रा में गैस निकलती है, जो अब तक बर्बाद हो जाती थी। कंपनी ने इस गैस का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने की योजना बनाई है। यह भारत में अपनी तरह की पहली परियोजना होगी।
इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए टाटा स्टील ने अमेरिका की डीकार्बोनाइजेशन तकनीक प्रदान करने वाली कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ समझौता किया है। कंपनी के अनुसार, इस योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे निदेशक मंडल के समक्ष रखा जाएगा। बोर्ड की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद संयंत्र में उत्पादन कार्य शुरू किया जाएगा।
कैसे काम करेगी H2Gen तकनीक
कलिंगनगर संयंत्र से प्रतिदिन 10 टन हाइड्रोजन का उत्पादन होने का अनुमान है। इसके लिए यूटिलिटी ग्लोबल द्वारा विकसित ‘H2Gen’ तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इस्पात निर्माण के दौरान ब्लास्ट फर्नेस से निकलने वाली गैसों में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा अधिक होती है।
यूटिलिटी ग्लोबल ने एक विशेष इलेक्ट्रो-केमिकल प्रक्रिया विकसित की है, जो इन गैसों का इस्तेमाल कर उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोजन गैस बनाती है। कंपनी के मुताबिक, यह तकनीक कनाडा के एक संयंत्र में पहले से ही सफलतापूर्वक काम कर रही है।
एक दिन के उत्पादन से 33 दिन चल सकती है ट्रेन
इस संयंत्र की उत्पादन क्षमता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रोजाना बनने वाले 10 टन हाइड्रोजन से एक हाइड्रोजन ट्रेन को लगभग 33 दिनों तक चलाया जा सकता है। हरियाणा में जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन को प्रतिदिन करीब 300 किलोग्राम ईंधन की आवश्यकता होती है।
यह ट्रेन आने-जाने में कुल 356 किलोमीटर की दूरी तय करती है, जिसमें प्रति किलोमीटर लगभग 0.84 किलोग्राम हाइड्रोजन की खपत होती है। इस लिहाज से कलिंगनगर संयंत्र का एक दिन का उत्पादन एक ट्रेन के महीने भर से अधिक के संचालन के लिए पर्याप्त है।
कार्बन उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य
टाटा स्टील के प्रौद्योगिकी विभाग के उपाध्यक्ष सुबोध पांडेय ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस्पात बनाने के दौरान निकलने वाले कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती है और इसके लिए विशेष तकनीक की आवश्यकता होती है।
सुबोध पांडेय के अनुसार, ‘H2Gen’ जैसी तकनीक इस समस्या का प्रभावी समाधान पेश करती है। निदेशक मंडल से स्वीकृति मिलते ही कलिंगनगर संयंत्र में इस नई तकनीक पर आधारित उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।