Delhi News: वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर 23.6 लाख से ज्यादा ऐसे पुराने वाहन चल रहे हैं, जिनके इस्तेमाल की उम्र पूरी हो चुकी है। आयोग के मुताबिक, कुल 25.4 लाख पुराने वाहनों में से सिर्फ 1.85 लाख गाड़ियां ही कबाड़ में बदली गई हैं।
सीएक्यूएम ने यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामे के जरिए दी है। एंड-ऑफ-लाइफ वाहन वह होता है, जिसका दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकता। ऐसे वाहनों को सार्वजनिक सड़कों पर नहीं चलाया जा सकता। ऐसा कई वजहों से हो सकता है, जैसे वाहन की उम्र सीमा पूरी हो चुकी हो, वह फिटनेस टेस्ट में फेल हो गया हो, उसका रजिस्ट्रेशन रद्द हो चुका हो या वह बहुत ज्यादा खराब हो चुका हो।
सीएक्यूएम के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुल 25.4 लाख ऐसे वाहन हैं, जिनकी उम्र सीमा पूरी हो चुकी है। इनमें से केवल 1.85 लाख वाहनों को ही कबाड़ में बदला गया है या जिनके लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी एनओसी जारी किए गए हैं। सीएक्यूएम ने यह हलफनामा प्रदूषण को नियंत्रित करने वाले नियमों की समीक्षा से जुड़े एक स्वतः संज्ञान मामले में दाखिल किया है।
दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा
सीएक्यूएम का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में कुल वाहनों में 65.2 फीसदी हिस्सेदारी दोपहिया वाहनों की है, जबकि चार पहिया हल्के वाहनों की हिस्सेदारी 28.9 फीसदी है। आयोग ने अदालत को बताया है कि पुराने वाहनों से निकलने वाले प्रदूषक तत्वों की मात्रा बीएस-6 मानक वाले वाहनों की तुलना में काफी अधिक होती है।
एक नवंबर से लागू हुए सख्त नियम
सीएक्यूएम ने अदालत को बताया है कि उसकी ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि एक नवंबर 2026 से दिल्ली में केवल सीएनजी, इलेक्ट्रिक गाड़ियों या बीएस-6 डीजल इंटर सिटी बसों को ही प्रवेश दिया जाएगा। आयोग के अनुसार, इसमें ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट के तहत चलने वाली बसें भी शामिल हैं।
सीएक्यूएम ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी है कि एक नवंबर 2026 से दिल्ली में बीएस-6, सीएनजी, एलएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को छोड़कर, अन्य सभी कमर्शियल मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। कुछ विशेष मामलों में छूट लागू है।