Patna News: मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी में जेडीयू के सभी बड़े नेताओं को न्योता दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के शादी में आने के सवाल पर उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि सबको बुला रहे हैं, लेकिन कौन बीमार पड़ जाएंगे और कौन नहीं आएंगे, यह कैसे बता दें।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार और ललन सिंह शादी में आएंगे। इस पर विधायक ने कहा, ये सब हम नहीं जानते हैं। सबको बुला रहे हैं। कौन आएंगे, नहीं आएंगे, हम कैसे बता दें, कौन बीमार पड़ेंगे, कौन नहीं रहेंगे, कैसे बता दें। उन्होंने कहा कि बारिश ने तैयारियों में थोड़ी परेशानी की, लेकिन अब सब ठीक हो गया है और सब काम होगा।
अनंत सिंह ने कहा कि बेटी की शादी में सब जनता और मेहमानों का स्वागत है। सब आकर आशीर्वाद दें। उनकी बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को उनके पैतृक गांव नदवां में होगी।
शादी की तैयारियां जोरों पर, घुड़दौड़ का भी आयोजन
नदवां गांव में शादी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पहले दो-तीन दिन हुई बारिश से व्यवस्था प्रभावित हुई थी। मौसम साफ होने के बाद युद्ध स्तर पर पंडाल और हेलीपैड बनाने का काम हो रहा है। अनंत सिंह खुद तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। बुधवार दोपहर को नदवां गांव में घुड़दौड़ का आयोजन भी किया गया है। इसमें देश भर के नामी घोड़े हिस्सा लेंगे। जीतने वाले को अनंत सिंह इनाम में थार गाड़ी, मोटरसाइकिल और स्कूटर देंगे।
तिलक में नहीं दिखे थे जेडीयू के बड़े नेता
शिवांगी सिंह का 20 नवंबर को तिलक समारोह पटना में हुआ था। अनंत सिंह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ तिलक लेकर लड़के वालों के यहां पहुंचे थे। उस कार्यक्रम में गिरिराज सिंह और विजय सिन्हा समेत भारतीय जनता पार्टी के कई मंत्री पहुंचे थे, लेकिन जेडीयू से कोई बड़ा नेता नहीं नजर आया था। अब बुधवार को पटना जिले के बाढ़ में स्थित नदवां गांव में होने वाली शादी में जेडीयू के मंत्री और बड़े नेता शामिल होते हैं या नहीं, इस पर नजर रहेगी।
अनंत सिंह को जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह और मंत्री अशोक चौधरी का करीबी माना जाता रहा है। मोकामा विधायक को पिछले महीने जेडीयू से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। बिहार एमएलसी चुनाव में जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार का विरोध करने के बाद पार्टी ने यह कार्रवाई की थी।