27 नवंबर को गोंडा आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मेधावी छात्रों को बांटेंगे टैबलेट

Share

- Advertisement -

Gonda News: गोंडा जिले के बेलसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ठड़क्कीपट्टी में 27 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम तय हो गया है। मुख्यमंत्री इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार से गांव में प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा है और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।

मंगलवार सुबह एडीएम प्रमोद झा, सीआरओ रिंकी जायसवाल, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा और एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला समेत कई अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और कानूनगो व लेखपालों को भूमि का सीमांकन कर उसे चिह्नित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्थल की उपलब्धता और जरूरी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला ने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि तैयारियों के दौरान किसानों के खेतों और मेड़ों को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद खेतों की सीमा को लेकर किसानों के बीच कोई विवाद नहीं होना चाहिए। मेड़ टूटने या जमीन को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उसे पहले की तरह दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसानों को बाद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेधावियों को टैबलेट वितरण के अलावा भी कार्यक्रम प्रस्तावित

अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों को समय से पूरा कराने में जुटा है।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि विनोद पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि परीक्षित तिवारी, शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ल, दद्दा ओझा, अनुपम शुक्ल, सुजीत शुक्ल और बृजमाधव तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।

पहले भी टल चुका है गोंडा दौरा

योगी आदित्यनाथ को इस कार्यक्रम से पहले भी गोंडा पहुंचना था। गोंडा के जयप्रभाग्राम में हो रही कथा में भी उनके आने का कार्यक्रम था, लेकिन कार्यक्रम के दिन ही उनकी मां के निधन के कारण दौरा रद्द हो गया था। मुख्यमंत्री मां के निधन की सूचना पर गोरखपुर से लखनऊ और लखनऊ से अपने गांव पंचूर चले गए थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News