मणिपुर से सोमालिया तक 5,700 किलोमीटर की बिना रुके उड़ान, दो अमूर बाजों ने 101 घंटे में रचा इतिहास

Share

- Advertisement -

Manipur News: मणिपुर से टैग किए गए दो अमूर बाज अलांग और अपापांग ने 101 घंटे तक बिना रुके उड़ान भरकर 5,700 किलोमीटर दूर सोमालिया तक का सफर पूरा किया है। भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षियों ने 23 देशों से होते हुए करीब 20,000 किलोमीटर की दूरी तय की है।

भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिकों ने 2025 में इन दोनों अमूर बाजों पर ट्रांसमीटर लगाए थे। टैग लगने के बाद ये पक्षी मणिपुर से सोमालिया की ओर उड़े। दोनों 7 नवंबर 2025 को मणिपुर से रवाना हुए और म्यांमार, थाईलैंड, लाओस, वियतनाम और कंबोडिया से होते हुए 21 नवंबर 2025 को सोमालिया पहुंचे।

रास्ते में ये पक्षी 14 नवंबर को समुद्र के ऊपर से मालदीव पहुंचे और 15 नवंबर को लक्षद्वीप सागर की ओर बढ़े। इसके बाद 17 और 18 नवंबर को ये अरब सागर में देखे गए और 21 नवंबर को सोमालिया पहुंच गए।

सबसे लंबे प्रवासों में से एक

अमूर बाज का प्रवास छोटी शिकारी चिड़ियों में सबसे लंबे प्रवासों में से एक माना जाता है। यह प्रजाति साइबेरिया से दक्षिणी अफ्रीका तक लंबी दूरी तय करती है और भारत इसके रास्ते में एक अहम पड़ाव है। इनकी गतिविधियों पर नजर रखने वाले अधिकारियों ने इस यात्रा को सहनशक्ति, दिशा-ज्ञान और जीवट का असाधारण उदाहरण बताया है।

अलांग और अपापांग का नाम उनके माता-पिता के नाम पर रखा गया है। यह जानकारी मणिपुर टूरिज्म फोरम के संस्थापक और निदेशक एन. चिंगखेई ने दी। उनके माता-पिता चिंगलेन और चिंगखेई को भी 2023 में भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिकों ने टैग करके ट्रैक किया था और उनकी यात्रा पर ‘ए लॉन्ग फ्लाईवे’ (2024) फिल्म बनी थी, जिसका निर्देशन एन. चिंगखेई ने किया था।

अप्रैल 2026 में साइबेरिया लौटने की उम्मीद

आईएएस अधिकारी सुप्रिया साहू ने कहा कि ये पक्षी मणिपुर से सीधे सोमालिया उड़े हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये पूरे अफ्रीकी रास्ते से होते हुए अप्रैल 2026 में साइबेरिया में अपने घोंसलों तक वापस लौटेंगे। इससे पहले टैग किए गए अमूर बाज फांग, फायेक और अपापांग ने भी 7 नवंबर 2025 को मणिपुर से अपनी यात्रा शुरू की थी।

स्रोत के अनुसार इनमें से फायेक अभी लक्षद्वीप द्वीप समूह के ऊपर उड़ रहा है। फांग अभी यमन के ऊपर है, जबकि अपापांग अभी संयुक्त अरब अमीरात में है। अक्टूबर में फायेक को गोवा के तट से 50 समुद्री मील दूर भी देखा गया था। साहू ने कहा कि अमूर बाज दुनिया के सबसे लंबी उड़ान भरने वाले प्रवासी पक्षी हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें नहीं मारना चाहिए, क्योंकि इनका प्रवास सबसे खूबसूरत है और ये कीड़े खाकर लोगों की मदद भी करते हैं। अधिकारियों के अनुसार इन बाजों का प्रवास प्राकृतिक चक्र का अहम हिस्सा है और संरक्षण के लिहाज से बेहद जरूरी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News