New Delhi News: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन पर एक तेलुगु फिल्म बनाने की घोषणा की गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में पार्टी बैठक के दौरान यह जानकारी दी। फिल्म में उनके पारिवारिक जीवन, राजनीतिक संघर्ष और वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले को दिखाया जाएगा।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन और राजनीतिक सफर पर आधारित एक तेलुगु फिल्म बनाने की योजना का ऐलान किया गया है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान इस प्रोजेक्ट की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म सोनिया गांधी की बायोग्राफी ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर आधारित होगी।
फिल्म निर्माण के लिए बनेगी 50 सदस्यों की समिति
जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस फिल्म के निर्माण में आर्थिक सहयोग करने की अपील की। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने का ऐलान भी किया गया है। रेड्डी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनावों की तरह ही इसे भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी समझकर बजट जुटाएं, ताकि फिल्म के लिए एक बेहतरीन निर्देशक का चयन किया जा सके।
फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए जग्गा रेड्डी ने 50 सदस्यों की एक विशेष समिति गठित करने का सुझाव दिया है। इस समिति की निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) हरिप्रसाद करेंगे। उन्होंने बताया कि शुरुआती तैयारियां पूरी होने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग का शुभारंभ करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
पारिवारिक जीवन और राजनीतिक संघर्ष की दिखेगी झलक
जग्गा रेड्डी के अनुसार, इस फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पड़ावों को पर्दे पर उतारा जाएगा। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी पारिवारिक भूमिका को दर्शाया जाएगा।
फिल्म में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार पर आए कठिन दौर को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इन घटनाओं के बाद सोनिया गांधी ने किस तरह परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभाली और बाद में सक्रिय राजनीति में कदम रखा, यह कहानी का मुख्य हिस्सा होगा।
प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले का भी होगा जिक्र
जग्गा रेड्डी ने कहा कि फिल्म में सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने उल्लेख किया कि राजीव गांधी के निधन के बाद जब पी.वी. नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने, तब भी उन्होंने पद की दावेदारी नहीं की थी। इसके बाद वर्ष 2004 में यूपीए सरकार बनने पर कांग्रेस नेताओं के आग्रह के बावजूद उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री बनने के बजाय डॉ. मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी।
इसके अलावा, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGS) को आकार देने में सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के विचारों की भूमिका का भी जिक्र किया जाएगा। जग्गा रेड्डी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सोनिया गांधी के अनुभवों से परिचित कराने के लिए उनकी बायोग्राफी की प्रतियां मंगवाकर वितरित की जाएंगी।