हिमाचल विधानसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान से हंगामा, भाजपा और कारगिल हीरो ने जताई आपत्ति

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी के ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान खरीद को लेकर दिए गए बयान पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने सदन में हंगामा करते हुए उनसे माफी की मांग की, जबकि रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने भी इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के एक बयान को लेकर सदन में भारी हंगामा हुआ। नेगी ने सदन में राफेल लड़ाकू विमान की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया और कहा कि इसमें पाकिस्तान के नहीं, बल्कि भारत के छक्के छूटे थे।

मंत्री के इस बयान के बाद भाजपा विधायकों ने सदन में कड़ा विरोध दर्ज कराया और उनसे माफी की मांग की। भाजपा विधायक राकेश जमवाल की मांग के बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। लगातार बढ़ते शोर-शराबे और हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।

माफी मांगने से किया इनकार, सदन के बाहर दी सफाई

भाजपा की मांग के बावजूद मंत्री जगत सिंह नेगी ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि माफी मांगने की बात करने वालों को खुद शर्म आनी चाहिए।

सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में नेगी ने अपने बयान का बचाव किया और विधानसभा में दिए गए अपने वक्तव्य को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही की पूरी रिकॉर्डिंग होती है, लेकिन भाजपा नेता उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। नेगी के अनुसार, उन्होंने भ्रष्टाचार के उदाहरण के तौर पर राफेल विमान की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसके इस्तेमाल पर सवाल उठाए थे, न कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर कोई टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चर्चा के असली मुद्दे से ध्यान भटकाने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए सेना के पीछे छिपकर नया विवाद खड़ा कर रही है।

पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

इस विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंत्री जगत सिंह नेगी का बयान साझा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से सवाल किया। उन्होंने लिखा, “क्या माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह जी अपने मंत्री की ओर से सदन में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना पर दिए गए शर्मनाक और निंदनीय बयान का समर्थन करते हैं?”

जयराम ठाकुर ने नेगी के उस बयान का हवाला दिया जिसमें मंत्री ने कहा था, “क्या राफेल विमान ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए? आप बताओ तो सही… कहां छक्के छुड़ाए… उल्टा अपने छक्के छूट गए।”

कारगिल हीरो ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने जताई नाराजगी

कारगिल युद्ध लड़ चुके रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने भी मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के भीतर इस तरह की बयानबाजी और टिप्पणी करना पूरी तरह अमर्यादित और अशोभनीय है।

ब्रिगेडियर ठाकुर ने कहा कि ऐसे बयानों से सेना का मनोबल टूटता है और यह फौजियों की शहादत का अपमान है। बयान की निंदा करते हुए उन्होंने मंत्री से तुरंत माफी मांगने को कहा। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि नेगी के बयान पर कांग्रेस और राज्य सरकार चुप है, जबकि ऐसे मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Right News Desk
Right News Desk
राइट न्यूज़ (Rightnews.in) — निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकार की सशक्त आवाज़ पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक संवेदनशील और गंभीर ज़िम्मेदारी है। Rightnews.in पिछले 9 से अधिक वर्षों के समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाने के लिए निरंतर समर्पित है। आज की डिजिटल पत्रकारिता के दौर में जहाँ भ्रामक जानकारियों और जल्दबाजी की होड़ है, हमारा न्यूज़ डेस्क हर सूचना को सख्त मानकों पर परखता है। हमारा प्राथमिक संकल्प केवल खबर देना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई तक जाकर सच्चाई को सामने लाना है। स्थानीय समस्याओं से लेकर राष्ट्रीय विमर्श तक, जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाना हमारा कर्तव्य है। हमारा उद्देश्य: सत्य और प्रामाणिकता: हर खबर को पूरी छानबीन और पुष्टि के बाद ही पाठकों तक पहुँचाना। निष्पक्ष दृष्टिकोण: बिना किसी पूर्वाग्रह, दबाव या पक्षपात के स्वतंत्र और संतुलित पत्रकारिता। जनसरोकार: आम जनता के बुनियादी मुद्दों, समस्याओं और अधिकारों को प्राथमिकता देना। संपर्क सूत्र: आधिकारिक वेबसाइट: rightnews.in समाचार, प्रेस विज्ञप्ति एवं सुझाव: news@rightnews.in संपादकीय विभाग: editor@rightnews.in प्रशासनिक संपर्क: admin@rightnews.in विज्ञापन एवं व्यावसायिक पूछताछ: ads@rightnews.in ट्रैफिक: वेबसाइट: 10 लाख से ज्यादा हर महीने फेसबुक: 5 करोड़ से ज्यादा हर महीने

Read more

Related News