शिक्षक दिवस पर हिमाचल प्रदेश में 31 शिक्षक होंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित, स्कूलों में होगा शिक्षा संवाद

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिक्षक दिवस के खास मौके पर हिमाचल प्रदेश सरकार शनिवार को 31 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित करेगी। लोक भवन में होने वाले इस समारोह में राज्यपाल पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसके साथ ही राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच शिक्षा संवाद कार्यक्रम भी होगा।

इस बार चयनित 31 शिक्षकों में सरकारी स्कूलों के 21 और डिग्री कॉलेजों के पांच शिक्षक शामिल हैं। इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा विभाग के भी पांच शिक्षकों को यह राज्य सम्मान दिया जाएगा। पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पाने वाले शिक्षक को भी प्रदेश सरकार राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार देकर मंच पर सम्मानित करेगी।

राजभवन के लोक भवन में आयोजित इस राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शिक्षक दिवस पर पूरे प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में विशेष ‘शिक्षा संवाद’ आयोजित होगा। समग्र शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूलों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस दौरान स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी), अभिभावकों, शिक्षकों और पंचायती राज प्रतिनिधियों के बीच सीधा तालमेल बनेगा।

शिक्षा विभाग ने इस विशेष संवाद कार्यक्रम के संचालन के लिए सभी स्कूलों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेज दिए हैं। संवाद खत्म होने के बाद हर जिले को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सीधे निदेशालय को भेजनी होगी। इसका मकसद अभिभावकों को पढ़ाई-लिखाई और स्कूल व्यवस्था से सीधे जोड़कर बच्चों की शिक्षा को मजबूत करना है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News