Chennai News: मद्रास हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवादों और पति-पत्नी के साथ रहने से जुड़े मामले पर एक बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने साफ कहा कि हर स्थिति में पत्नी से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह अपना सब कुछ त्यागकर पति के पीछे-पीछे रहे। वैवाहिक जीवन में व्यावहारिक वास्तविकताओं को समझना जरूरी है।
नौकरी और स्वतंत्र करियर की अहमियत
जस्टिस जीआर स्वामीनाथन और जस्टिस एमडी सुमति की खंडपीठ ने सुनवाई करते हुए कहा कि पत्नी का अपना स्वतंत्र करियर या नौकरी हो सकती है। ऐसे में उससे अपनी पहचान, कामकाज और पेशेवर जिम्मेदारियों को छोड़कर केवल पति का अनुसरण करने की उम्मीद रखना पूरी तरह से अनुचित और अव्यावहारिक है।
सेना की बैरकों का दिया उदाहरण
अदालत ने स्थिति स्पष्ट करते हुए उदाहरण दिया कि यदि पति सेना में कार्यरत है, तो हर बार आर्मी बैरक में पारिवारिक घर बसाना संभव नहीं होता। परिस्थितियों के अनुसार कई बार दोनों का अलग-अलग स्थानों पर रहना मजबूरी बन जाता है। इस आधार पर पत्नी पर वैवाहिक जिम्मेदारियों से भागने का आरोप नहीं लगाया जा सकता।
विज्ञापन वाले पग कुत्ते पर कसा तंज
कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि पत्नी से यह अपेक्षा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए कि वह पुराने वोडाफोन विज्ञापन वाले ‘पग’ कुत्ते की तरह हर जगह मालिक के पीछे चलती रहे। अदालत के अनुसार विवाह में दोनों साथियों की गरिमा और स्वतंत्रता का सम्मान होना अनिवार्य है।