Chandigarh News: चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई। सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों के रजिस्ट्रेशन, शहीदों के आश्रितों की नौकरी और प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े नए नियमों को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स की महिला शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरियाणा की पैरा-एथलीट शर्मिला को बधाई दी। उन्होंने ऐलान किया कि गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व राज्य स्तर पर मनाया जाएगा। इसके लिए 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक विशेष समरस्ता संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों और धार्मिक अभियान पर बड़ा निर्णय
29 जुलाई को एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेगा। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाकर हरियाणा के हर गांव, बस्ती और घर-घर तक पहुंचाई जाएगी, जिससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बड़ी छूट दी है। प्रदेश में 30 लाख रुपये तक के ईवी वाहन खरीदने पर महिलाओं से कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली जाएगी। वहीं 30 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले ईवी वाहनों पर भी रजिस्ट्रेशन फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
शहीदों के आश्रितों और प्रॉपर्टी टैक्स पर राहत
कैबिनेट ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय पुलिस बलों के शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा नौकरी की नीति में राहत दी है। माता-पिता की शहादत के समय नाबालिग रहे बच्चों के तीन मामलों में समय सीमा बढ़ाई गई है। इनमें करनाल के हर्ष, भिवानी की खुशबू और योगेश को सरकारी नौकरी का लाभ मिलेगा।
मंत्रिमंडल ने नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में संपत्ति कर लगाने की नई और पारदर्शी प्रणाली को मंजूरी दी। अब संपत्तियों के पूंजीगत मूल्य का निर्धारण प्लॉट एरिया या कारपेट एरिया, लागू कलेक्टर रेट और फ्लोर फैक्टर के आधार पर किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया आसान और स्पष्ट होगी।