Saharanpur News: सहारनपुर में राष्ट्रीय लोक दल की स्वाभिमान रैली के दौरान मंच पर पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी के साथ उनकी पत्नी चारू चौधरी की सक्रिय मौजूदगी ने सियासी हलचल तेज कर दी है। चारू चौधरी ने माइक संभालते हुए साफ कहा कि किसी को भी दूसरों का स्वाभिमान ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार चारू चौधरी का यह कदम केवल चुनावी भाषण तक सीमित नहीं है। सपा मुखिया के पुराने बयानों को जाट स्वाभिमान से जोड़ने के बाद रालोद अब पारंपरिक जाट आधार से आगे बढ़कर नए सामाजिक समीकरण गढ़ रही है। पार्टी महिला वोटरों और मध्यम वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है।
सपा के अखिलेश-डिंपल मॉडल की तरह बैलेंसिंग एक्ट की तैयारी
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का पावर बैलेंस मॉडल पहले से ही काफी असरदार माना जाता रहा है। अखिलेश यादव जहां आक्रामक रुख अपनाते हैं, वहीं सांसद डिंपल यादव शालीन छवि से महिलाओं और युवाओं को जोड़ती हैं। जानकार मानते हैं कि रालोद भी इसी रणनीति के तहत चारू चौधरी को आगे बढ़ा रही है।
जयंत चौधरी जहां किसान राजनीति का चेहरा हैं, वहीं चारू चौधरी शहरी और महिला वोटरों में पार्टी का प्रभाव बढ़ा सकती हैं। फिलहाल यह तय नहीं है कि वह संगठन में कोई पद संभालेंगी या केवल प्रचार करेंगी। हालांकि विधानसभा चुनाव से पहले महिला चेहरों को आगे रखने की यह होड़ बेहद दिलचस्प हो चुकी है।