Jalandhar News: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी 30 सितंबर को एक विशाल रैली आयोजित करने जा रही है। राज्य में नशे के खिलाफ निकाली जा रही 4,000 किलोमीटर लंबी जन जागरूकता यात्रा का समापन जालंधर में होगा। इस समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
रैली के आयोजन के लिए पार्टी ने जगह का चयन कर लिया है। जानकारी के मुताबिक जीटी रोड पर परागपुर के पास स्थित लिली रिसॉर्ट से सटे बड़े प्लॉट को रैली स्थल बनाया गया है। इस भव्य राजनीतिक कार्यक्रम में भाजपा के कई प्रमुख केंद्रीय मंत्री और राज्य स्तर के वरिष्ठ नेता मंच साझा करेंगे।
117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर रही है यात्रा
इस नशा विरोधी यात्रा की शुरुआत 18 सितंबर को पठानकोट से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव नितिन नबीन ने की थी। लगभग 4,000 किलोमीटर का सफर तय करने वाली यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और जनता को जागरूक बनाना है।
समापन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन का दावा है कि इस रैली में पूरे राज्य से भारी तादाद में समर्थक जुटेंगे। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने में जुटी हैं।