Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी अध्यक्ष मायावती के छोटे भतीजे इशान आनंद को नया राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मायावती ने खुद इस महत्वपूर्ण फैसले की घोषणा की।
जिम्मेदारी मिलने पर इशान आनंद ने जताया आभार
एलएलएम तक शिक्षित इशान आनंद अपने पिता व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ बैठक में मौजूद रहे। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने मायावती का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, इशान ने डॉ. बीआर आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम की विचारधारा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वह मायावती के दिखाए मार्ग पर चलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे और उनके विश्वास को टूटने नहीं देंगे।
आकाश आनंद और दीपिका को जिम्मेदारियों से किया दूर
इससे पहले मायावती ने 3 सितंबर को बड़े भतीजे आकाश आनंद को मुख्य राष्ट्रीय संयोजक पद से हटा दिया था। उन्होंने कहा था कि आकाश को अभी और परिपक्वता की जरूरत है। मायावती ने आकाश के ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाए थे।
मायावती ने अपने स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी सफाई दी और खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया। उन्होंने साफ किया कि आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका आनंद पार्टी की जिम्मेदारियों से दूर रहेंगे, जबकि छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे इशान आनंद संगठन की कमान संभालेंगे।