भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव: श्रीकांत शर्मा बने रहेंगे हिमाचल प्रभारी, दर्शना सिंह को मिली सह-प्रभारी की कमान

Share

- Advertisement -

Shimla News: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियां करते हुए हिमाचल प्रदेश में अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने श्रीकांत शर्मा को हिमाचल का प्रभारी बनाए रखा है, जबकि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को नया सह-प्रभारी नियुक्त किया है। इस फैसले से संगठन में निरंतरता बनी रहेगी।

विधायक रीना कश्यप को मिली जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी

पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, पच्छाद से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभारी बनाया गया है। वह वहां प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया के साथ काम करेंगी। यह नियुक्तियां भाजपा द्वारा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलाए जा रहे व्यापक संगठनात्मक फेरबदल का हिस्सा हैं।

अनुभवी नेता श्रीकांत शर्मा पर पार्टी ने फिर जताया भरोसा

मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं। उनके पास सरकार और संगठन दोनों का लंबा अनुभव है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके प्रभार के दौरान पार्टी ने हिमाचल की चारों सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्हें स्थायी रूप से जिम्मेदारी दी गई थी।

जानिए कौन हैं नई सह-प्रभारी दर्शना सिंह

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह साल 2008 से सक्रिय राजनीति में हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इतिहास में पोस्ट-ग्रेजुएट दर्शना सिंह राजनीति में आने से पहले ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन से भी जुड़ी थीं। अब वह हिमाचल संगठन में काम करेंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News