Mohali News: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले शख्स ने AAP विधायक जरनैल सिंह को कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। मोहाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। रकम न देने की स्थिति में अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की बात कही गई है।
इस मामले में दिल्ली के तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र से AAP विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरा फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज प्राप्त हुआ था। इसके बाद विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत दी।
साइबर थाने में मामला दर्ज
विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। उसने अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न मिलने पर उन्हें तथा उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
जरनैल सिंह की शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी (IT) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया है।
आरोपी की पहचान करने और उस तक पहुंचने के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी (IP) लॉग्स और लोकेशन की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसका कथित गिरोह से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।