Delhi News: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच काला सागर क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। यूक्रेन के प्रमुख ओडेसा बंदरगाह पर व्यापारिक जहाज एमवी एजीएन रैग्नर हमले की चपेट में आ गया। इस जहाज पर चार भारतीय नागरिक भी सवार थे, जिससे चिंता बढ़ गई है।
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है। दूतावास के अनुसार जहाज पर मौजूद चार भारतीयों में से दो नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। बाकी बचे दो अन्य भारतीयों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और उनकी तलाश लगातार जारी है।
लापता भारतीयों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
लापता भारतीयों को ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारतीय दूतावास यूक्रेनी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि लापता नागरिकों का जल्द पता लगाकर उन्हें हर संभव मदद दी जा सके।
यह हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से चारों भारतीयों की पहचान और जहाज पर उनके पदों का खुलासा नहीं किया है। काला सागर में लगातार हो रहे हमलों से व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है।