नीट पेपर लीक पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

Share

- Advertisement -

Delhi News: नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी दलों के जोरदार विरोध के कारण उच्च सदन की कार्यवाही बुधवार दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सिक्किम के नामची जिले में हुए सुरंग हादसे का जिक्र किया। सदन ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले 20 मजदूरों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखे गए, जिसके दौरान विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया।

खरगे का लाठीचार्ज का आरोप, काले कपड़ों में पहुंचे सांसद

सभापति ने विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने का मौका दिया। खरगे ने नीट अभ्यर्थियों पर पुलिस की दमनकारी कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े।

खरगे के बोलते ही सत्तापक्ष के सांसदों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। इसके जवाब में विपक्षी सांसदों ने भी जोरदार नारेबाजी की। विरोध जताने के लिए कांग्रेस के अधिकांश सांसद काले कपड़े पहनकर आए थे, जबकि खरगे ने बांह पर काली पट्टी बांधी थी। हंगामे को बढ़ता देख सभापति ने कार्यवाही स्थगित कर दी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News