Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शादी की पहली ही रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव में सुहागरात के दौरान सो रहे दूल्हे को जहरीले सांप ने डस लिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए और शव को झाड़-फूंक के लिए तांत्रिकों के पास ले गए।
शादी की खुशियों के बीच घर में छाया मातम
गांव निवासी बबलू मौर्य की बारात बुधवार को गुन्नौर क्षेत्र के लौहरपुरा गई थी। गुरुवार दोपहर दुल्हन रश्मि की विदाई होकर बारात घर वापस लौटी थी। दिनभर नई बहू के आगमन पर रीति-रिवाज और खुशियां मनाई जाती रहीं। रात में रस्मों के अनुसार नवदंपति को कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सुलाया गया था, जहां यह दर्दनाक घटना घटी।
गर्दन पर सर्पदंश के बाद मेडिकल कॉलेज में मौत
रात में सोते समय किसी जहरीले सांप ने बबलू की गर्दन पर डस लिया। सुबह जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो परिजन तुरंत उसे सहसवान के निजी अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद बबलू को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम से इनकार, तांत्रिकों के पास पहुंचे परिजन
डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बावजूद परिजन इस बात को स्वीकार नहीं कर सके। उन्हें झाड़-फूंक से जान बचने की उम्मीद थी, इसलिए उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। वे दूल्हे के शव को सपेरों और तांत्रिकों के पास ले गए और देर शाम तक तंत्र-मंत्र कराते रहे। इस घटना से नवविवाहिता रश्मि सदमे में है और गांव में शोक व्याप्त है।