New Delhi News: राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले की पिछली सुनवाई 15 अक्टूबर को हुई थी, जिसमें कोर्ट ने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं को नोटिस जारी किए थे।
सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा था कि कोई भी कोर्ट को डरा-धमकाकर दबाव में नहीं ला सकता। ऐसी कोशिशें बेकार हैं और इन पर कोई ध्यान नहीं देता। उन्होंने कहा था कि कोर्ट को पता है कि बाहर क्या कहा जा रहा है और अंदर क्या कहा जा रहा है, कोर्ट किसी काल्पनिक दुनिया में नहीं जी रहा है और उसे हर बात की जानकारी है। सुप्रीम कोर्ट मार्च के खिलाफ 4 वकीलों ने याचिका दाखिल की है।
CJI ने ज्ञापन लेने से मना किया, फिर विपक्ष ने निकाला मार्च
11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत को पत्र लिखा था और ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। सीजेआई ने मना कर दिया था। इसके बाद राहुल, प्रियंका और खड़गे के साथ अन्य विपक्षी सांसद 12 अक्टूबर की शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंच गए। उससे पहले सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। उसके बाद कोर्ट के अंदर जाकर एसआईआर के खिलाफ याचिका दाखिल की।
विपक्ष के निशाने पर चुनाव आयोग क्यों
एसआईआर को लेकर विपक्ष पहले से ही सवाल उठा रहा है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में एसआईआर से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति जताई। दोनों आयुक्तों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने और बहाल करने की प्रक्रिया के साथ चुनावी डेटा और सॉफ्टवेयर से जुड़े मामलों पर भी सवाल उठाए।
एक मामले में फॉर्म-6 में एसआईआर से जुड़ा सवाल जोड़ने पर दोनों चुनाव आयुक्तों ने आपत्ति जताई थी। इसके अलावा दोनों ने चुनावी डेटा और सॉफ्टवेयर तक पहुंच को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखा था। वहीं, काम के बंटवारे से जुड़े एक आदेश को भी उन्होंने नियमों का उल्लंघन बताया था।