New Delhi News: स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mk1A की रफ्तार पर अमेरिकी कंपनी जीई एयरोस्पेस की सुस्ती भारी पड़ रही है। अक्टूबर में जीई ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को एक भी एफ404 इंजन नहीं दिया, जबकि नवंबर में सिर्फ एक इंजन मिलने की उम्मीद है। ऐसे में साल के अंत तक 20 इंजन देने का लक्ष्य खटाई में पड़ता दिख रहा है।
तेजस Mk1A प्रोजेक्ट के लिए इंजन की सप्लाई सबसे बड़ी अड़चन बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, जीई ने अगस्त में तीन और सितंबर में चार इंजन एचएएल को दिए थे। नवंबर में एक इंजन मिलने के बाद मौजूदा उत्पादन बैच के तहत यह आंकड़ा 15 इंजन तक पहुंचेगा। यानी साल खत्म होने तक 20 इंजन का लक्ष्य पूरा करने के लिए कंपनी को दिसंबर में पांच इंजन भेजने होंगे।
अक्टूबर में शून्य सप्लाई, दिसंबर में पांच की चुनौती
डिफेंस.इन की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में एक भी इंजन न मिलने के बाद दिसंबर में सप्लाई की रफ्तार अचानक बढ़ाना जीई एयरोस्पेस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। यह स्थिति कंपनी की उत्पादन क्षमता और वैश्विक सप्लाई चेन की मजबूती का बड़ा इम्तेहान लेगी।
एफ404-आईएन20 इंजन तेजस Mk1A की ताकत का अहम हिस्सा हैं। करीब 85 किलो न्यूटन थ्रस्ट वाले इन इंजनों के बिना विमान की अंतिम असेंबली, सिस्टम इंटीग्रेशन और ग्राउंड टेस्टिंग का काम आगे नहीं बढ़ सकता। एचएएल ने इंजनों की किल्लत के बावजूद विमान के ढांचे यानी एयरफ्रेम का काम जारी रखा है, लेकिन समय पर इंजन न मिलने से तैयार ढांचों को अंतिम रूप देने में दिक्कत आ रही है।
5375 करोड़ रुपये का सौदा और देरी का असर
तेजस Mk1A के लिए एचएएल और जीई एयरोस्पेस के बीच सितंबर 2021 में करीब 5,375 करोड़ रुपये का करार हुआ था। इस समझौते के तहत शुरुआती 83 तेजस Mk1A विमानों के लिए 99 एफ404 इंजन दिए जाने हैं। इसके अलावा भारतीय वायुसेना के 97 अतिरिक्त तेजस Mk1A विमानों के लिए 113 और इंजनों का एक अलग सौदा भी किया गया है।
पेनल्टी क्लॉज और वायुसेना की चिंता
इंजन सप्लाई में देरी का मुद्दा पहले भी तूल पकड़ चुका है। तय समय पर इंजन न मिलने के चलते एचएएल ने अमेरिकी कंपनी के खिलाफ करार में शामिल पेनल्टी क्लॉज का इस्तेमाल किया था। जीई एयरोस्पेस ने भारतीय रक्षा क्षेत्र को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उत्पादन बढ़ाने और सप्लाई चेन सुधारने का दावा किया है, लेकिन मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि समयसीमा निभाना अभी आसान नहीं है।
तेजस Mk1A भारतीय वायुसेना के फाइटर बेड़े की घटती संख्या और स्क्वाड्रन की कमी को पूरा करने की योजना का बड़ा हिस्सा है। ऐसे में इंजन की सप्लाई में देरी सिर्फ एचएएल के कामकाज तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वायुसेना के आधुनिकीकरण पर भी इसका असर पड़ सकता है। अब सभी की निगाहें दिसंबर की खेप पर टिकी हैं।