Poonch News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार दीपावली पर जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, इस संभावित यात्रा को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास तैनात सेना के जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाने की वर्षों पुरानी परंपरा इस बार भी जारी रहने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री इस वर्ष जम्मू संभाग के सीमांत जिले पुंछ में अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों के बीच पहुंच सकते हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों और प्रोटोकॉल के चलते उनके इस दौरे की आधिकारिक घोषणा फिलहाल नहीं की गई है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों में इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
सैनिकों के साथ दीवाली मनाने की लंबी परंपरा
प्रधानमंत्री मोदी का सीमा पर तैनात जवानों के साथ दीवाली मनाने का सिलसिला वर्ष 2014 से लगातार जारी है। प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद 2014 में उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में जवानों के साथ दीवाली मनाई थी। इसके बाद से वे हर साल सीमाओं पर तैनात देश के प्रहरियों के बीच पहुंचते रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी वे कई मौकों पर जा चुके हैं:
- 19 अक्टूबर 2017: उत्तरी कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सैनिकों के साथ दीपावली मनाई।
- 27 अक्टूबर 2019: सीमांत जिले राजौरी में जवानों के बीच पहुंचे।
- 4 नवंबर 2021: नौशहरा सेक्टर में तैनात सैनिकों के साथ दीवाली की खुशियां बांटीं।
सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष उत्साह
इन यात्राओं के दौरान प्रधानमंत्री हमेशा जवानों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करते हैं, उनका हौसला बढ़ाते हैं और देश की सीमाओं की अटूट सुरक्षा में उनके योगदान व सर्वोच्च बलिदान की सराहना करते हैं।
यदि प्रधानमंत्री पुंछ का दौरा करते हैं, तो यह जम्मू संभाग के एलओसी से सटे इलाकों में सैनिकों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाने की उनकी परंपरा की एक और अहम कड़ी होगी। सीमांत क्षेत्र के लोगों और सुरक्षाबलों में इस संभावित दौरे को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।