Kolkata News: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 2772) में हाईजैक की झूठी धमकी देने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यात्री अपनी बीमार पत्नी के पास रुकना चाहता था और कंपनी के काम से विदेश जाने से बचने के लिए उसने विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट छोड़ दिया था। इस घटना के चलते एयरपोर्ट पर कई घंटों तक हड़कंप मचा रहा।
यह घटना बुधवार सुबह की है, जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली थी। सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू को विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक संदिग्ध नोट मिला, जिसमें सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी। नोट मिलते ही क्रू ने तत्काल पायलट और ग्राउंड स्टाफ को सतर्क किया।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत खाली कराया गया विमान
सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और सुरक्षा एजेंसियों ने मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल (SOP) के तहत कार्रवाई शुरू की। विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया और उसमें सवार सभी 105 यात्रियों तथा 7 क्रू सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे विमान की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मुंबई जा रहे एक यात्री की लिखावट उस धमकी भरे नोट से मेल खा रही थी। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, बताई यह वजह
गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसकी कंपनी उसे काम के सिलसिले में विदेश भेज रही थी, लेकिन उसकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं है और वह उनके साथ रहना चाहता था। इसी कारण उसने टॉयलेट में हाईजैक की धमकी का नोट छोड़ा, ताकि फ्लाइट में देरी हो या वह रद्द हो जाए और उसे विदेश न जाना पड़े।
शाम को मुंबई के लिए रवाना हुई फ्लाइट
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अनुसार, सभी आवश्यक सुरक्षा जांच और क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान ने शाम 5:38 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। AAI के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एनएससीबीआई (NSCBI) एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।