Faridabad News: फरीदाबाद के सेक्टर-45 स्थित ‘सर्वोम’ (Sarvome) प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के लिए 80 प्रतिशत से अधिक राशि जमा कराने के बावजूद बिल्डर द्वारा आवंटन रद्द कर उन्हें अन्य लोगों को बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच के बाद संबंधित बिल्डर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने इस संबंध में पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने ‘जोतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड’ कंपनी के सेक्टर-45 स्थित सर्वोम प्रोजेक्ट में दो कमरों वाले फ्लैट बुक कराए थे। वर्ष 2023-24 तक वे इन फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जमा करा चुके थे।
निर्माण पूरा हुए बिना रद्द किया आवंटन, बैंक के पास गिरवी थे फ्लैट
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी ने वर्ष 2024 में मनमाने ढंग से उनके फ्लैटों का आवंटन रद्द कर दिया और उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया, जबकि उस समय तक प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हुआ था।
शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि संबंधित फ्लैट आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक के पास गिरवी रखे गए थे। पीड़ितों ने इसे अपने साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
ईओडब्ल्यू की जांच और कानूनी राय के बाद दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस आयुक्त कार्यालय से प्राप्त इस शिकायत की जांच एनआईटी स्थित आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को सौंपी गई थी। ईओडब्ल्यू द्वारा मामले की विस्तृत जांच करने के पश्चात सहायक जिला अटॉर्नी (एडीए) से कानूनी राय ली गई। कानूनी राय और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।