Durgapur News: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता श्याम कुमार दास उर्फ सायन की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात फरीदपुर (लावदोहा) थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों— विजय नंदी और प्रसून पांडे को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें गुरुवार को दुर्गापुर कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी अजय की तलाश कर रही है।
मृतक श्याम कुमार दास पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के तीन नंबर मंडल के ओबीसी मोर्चा के महासचिव थे। गुरुवार को बांकुड़ा दौरे पर जाते समय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अंडाल हवाई अड्डे पहुंचे, जहां पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी समेत अन्य भाजपा विधायकों ने उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, यदि सायन की पत्नी नौकरी करने की इच्छा जताती हैं, तो उन्हें राज्य सरकार में संविदा पर नियुक्त करने का भी आश्वासन दिया गया है।
जमीन विवाद के चलते रॉड से हमला कर उतारा मौत के घाट
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर विजय, उसके भाई अजय और उनके साथी प्रसून के साथ सायन का लंबे समय से विवाद चल रहा था। सायन के दोस्त रंजय ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय आरोपियों ने पहले उन पर हमला किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। इसी दौरान जब सायन वहां पहुंचे, तो कुछ युवकों ने लोहे की रॉड लेकर उनका पीछा किया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में सायन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पिता ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतक के पिता परिमल दास ने फरीदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। परिमल दास ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या में शामिल सभी आरोपी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े हुए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।