New Delhi News: छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली सरकार ने सभी 13 जिलों में 1,400 से अधिक घाटों पर विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने एक क्यूआर (QR) कोड जारी किया है, जिसे स्कैन करके नजदीकी घाट की लोकेशन और रास्ता आसानी से देखा जा सकता है।
छठ महापर्व के लिए राजधानी दिल्ली में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। दिल्ली सरकार के अनुसार, राजधानी के सभी 13 जिलों में करीब 1,400 से अधिक घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई है। यमुना किनारे आईटीओ से लेकर कालिंदी कुंज और द्वारका तक विभिन्न स्थानों पर व्रती सूर्य देव को अर्घ्य देंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक क्यूआर (QR) कोड जारी किया है। इसे मोबाइल से स्कैन करके लोग अपने सबसे नजदीकी छठ घाट की लोकेशन और वहां तक पहुंचने का रास्ता ऑनलाइन देख सकते हैं। इससे विशेष रूप से उन लोगों को सहूलियत होगी जो दिल्ली में नए हैं या अपने क्षेत्र के घाटों से परिचित नहीं हैं।
मुनक नहर और एनसीआर के प्रमुख घाटों पर रौनक
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यमुना किनारे के प्रमुख घाटों के साथ-साथ उत्तर दिल्ली में मुनक नहर के किनारे विकसित करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर सफाई और रोशनी के अलावा पीने के पानी, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए नोएडा स्टेडियम के सेक्टर-21ए में करीब 150 फीट लंबा कृत्रिम घाट तैयार किया गया है।
सोनिया विहार और हाथी घाट पर अर्घ्य देंगी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को सोनिया विहार छठ घाट पहुंचकर व्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद सोमवार सुबह वे आईटीओ के पास स्थित हाथी घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी और छठी मैया व सूर्य देव की पूजा करेंगी।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व परिवार के मूल्यों और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। डूबते और उगते सूर्य की पूजा धैर्य रखने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
सीसीटीवी कैमरों से होगी घाटों की निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने मॉडल छठ घाटों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की है। घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से घाटों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों को तुरंत सूचित किया जा सके।