भारत में 4 हजार किमी सफर के बाद ब्रिटिश कपल को भाया ऑटो-रिक्शा, यादगार के तौर पर ब्रिटेन ले गए ‘टिम्मी’

Share

- Advertisement -

World News: ब्रिटेन के एक दंपती ने भारत भ्रमण के दौरान खरीदे गए ऑटो-रिक्शा को अपनी यादगार यात्रा का प्रतीक बनाते हुए समुद्री रास्ते से ब्रिटेन मंगवा लिया है। हेलेन और मिक नामक इस जोड़े ने ‘टिम्मी द टिन कैन’ नाम के इस ऑटो से भारत में 4,218 किलोमीटर की यात्रा पूरी की थी।

छुट्टियों की यादों को संजोने के लिए लोग अक्सर तस्वीरें या स्मृति चिन्ह अपने साथ ले जाते हैं, लेकिन ब्रिटेन के एक जोड़े ने भारत यात्रा की याद को बिल्कुल अनोखे अंदाज में सहेजा है। ब्रिटेन निवासी हेलेन और मिक ने भारत में 75 दिनों के प्रवास के दौरान जिस तिपहिया ऑटो-रिक्शा से देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया, वे उसे अब अपने साथ ब्रिटेन ले गए हैं।

इस जोड़े ने अपनी यात्रा की शुरुआत में तमिलनाडु के चेन्नई से एक लाल और काले रंग का बजाज ऑटो-रिक्शा खरीदा था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर TN 03 AA 4342 है। उन्होंने प्यार से इस ऑटो का नाम ‘टिम्मी द टिन कैन’ रखा और इसके अगले हिस्से पर कार्टून जैसी आंखें व मुस्कान बनवाकर इसे आकर्षक लुक दिया।

देश भर में तय किया 4,200 किलोमीटर से अधिक का सफर

इस ऑटो-रिक्शा से दोनों ने आगरा के ताजमहल सहित भारत के कई राज्यों, ऐतिहासिक शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों की 4,218 किलोमीटर लंबी यात्रा पूरी की। यात्रा के दौरान इस सफर को सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए उन्होंने ‘timmy_the_tin_can’ नाम से इंस्टाग्राम पेज भी बनाया, जिसे 17 हजार से अधिक लोग फॉलो कर रहे हैं।

छह महीने के इंतजार के बाद लंदन पोर्ट पहुंचा ऑटो

भारत में छुट्टियां पूरी होने के बाद दंपती का मन इस ऑटो को छोड़ने का नहीं हुआ, जिसके चलते उन्होंने इसे समुद्री मार्ग से ब्रिटेन भिजवाने की व्यवस्था की। करीब छह महीने के इंतजार के बाद 23 अक्तूबर को यह ऑटो लंदन गेटवे पोर्ट पर पहुंचा, जहां हेलेन और मिक ने खुद जाकर इसका स्वागत किया।

ब्रिटेन पहुंचने के बावजूद इस भारतीय ऑटो को वहां की सड़कों पर चलाने के लिए अभी थोड़ा समय लगेगा। स्थानीय परिवहन नियमों और सख्त सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाने के लिए इसमें जरूरी तकनीकी बदलाव किए जाएंगे और कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इसे वहां चलाने की अनुमति मिल सकेगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News