Delhi News: घर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। रोजाना खुद की देखभाल करने से गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है, शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है और काम करने की क्षमता में सुधार आता है। हाउसमेकर महिलाओं के लिए अलग से वर्कआउट का समय निकालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
महिलाएं अपने दिन का अधिकांश समय किचन में काम करते हुए बिताती हैं। ऐसे में अलग से जिम या पार्क जाने की जगह रसोई में ही कुछ साधारण एक्सरसाइज की जा सकती हैं। इन आसान वर्कआउट्स को खाना बनाते या बर्तन धोते समय आसानी से किया जा सकता है। इससे समय की बचत के साथ सेहत में भी बेहतरीन सुधार देखने को मिलता है।
पैरों के दर्द से राहत दिलाएगी काफ रेजेज एक्सरसाइज
किचन में लगातार खड़े होकर काम करने से पैरों और पिंडलियों में दर्द की समस्या होने लगती है। बर्तन धोते समय पैरों को कूल्हे की चौड़ाई के बराबर रखकर खड़े हों और पंजों के बल धीरे-धीरे ऊपर उठें। फिर एड़ियों को नीचे लाएं। इसे 15 से 20 बार दोहराने पर पिंडलियां मजबूत होती हैं और शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है।
जांघों और कूल्हों को मजबूती देती है स्क्वैट्स एक्सरसाइज
जांघों और कूल्हे की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए स्क्वैट्स एक बेहतरीन विकल्प है। शाम को कपड़े समेटते या बास्केट उठाते समय कमर से झुकने के बजाय नीचे बैठकर स्क्वैट करें। अपनी पीठ सीधी रखें और घुटनों को पंजों के पीछे रखें। रोजाना 10 से 15 स्क्वैट्स के साथ इसकी शुरुआत की जा सकती है।
पेट की मांसपेशियों को कसने से सुधरेगा आपका पोस्चर
कोर को मजबूत बनाने और शरीर के पोस्चर में सुधार लाने के लिए पेट की मांसपेशियों की एक्सरसाइज फायदेमंद है। झाड़ू लगाते, खाना बनाते या दूध उबलने का इंतजार करते समय अपने पेट की मांसपेशियों को कसकर 10 सेकंड तक रोकें, फिर ढीला छोड़ दें। इस प्रक्रिया को दिन में कम से कम 10 बार दोहराएं।
कूल्हे की मजबूती और बेहतर संतुलन के लिए लेग रेज
खाना बनाते समय संतुलन और कूल्हे की मजबूती बढ़ाने के लिए लेग रेज एक्सरसाइज की जा सकती है। इसके लिए सपोर्ट के तौर पर किचन काउंटर को पकड़ें। फिर एक पैर को साइड में या पीछे की ओर उठाएं और धीरे-धीरे नीचे लाएं। हर पैर से इस प्रक्रिया को 10 से 15 बार दोहराने से काफी लाभ मिलता है।
कंधों और गर्दन की स्ट्रेचिंग से दूर होगी थकान
किचन के काम के बीच थोड़ा गैप लेकर कंधों को 10 बार आगे और पीछे घुमाएं। धीरे-धीरे सिर को हर कंधे की तरफ झुकाकर कुछ सेकंड रोकें। उंगलियों और हाथों की एक्सरसाइज के लिए आटा गूंथना सबसे बेहतर माना जाता है। इससे उंगलियों का मूवमेंट बेहतर होता है और काम के दौरान होने वाली थकान में राहत मिलती है।