Jaipur News: राजस्थान सरकार ने राज्य के 183 नगरीय निकायों में सफाई कर्मचारियों के 24,752 पदों पर संविदा के तहत बंपर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 अगस्त 2026 से शुरू होंगे और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 तय की गई है।
अभ्यर्थी एसएसओ आईडी या स्वायत्त शासन निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थी की लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवार अपनी पसंद के केवल एक ही नगरीय निकाय से आवेदन कर सकता है। एक से अधिक फॉर्म भरने पर सभी आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।
बिना परीक्षा और इंटरव्यू के ऑनलाइन लॉटरी से होगा चयन
इस भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। चयन पूरी तरह से ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सॉफ्टवेयर से लॉटरी निकालने से पहले अभ्यर्थियों के सभी शैक्षणिक और अनुभव संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले उसी निकाय के अनुभवी स्थानीय अभ्यर्थियों को चुना जाएगा। संविदा के दौरान चयनित कर्मचारियों को 7,410 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल रूल्स 2022 के तहत 5 साल तक संतोषजनक सेवा देने के बाद कर्मचारियों को नियमित यानी स्थाई कर दिया जाएगा।
आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के कड़े नियम
आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों और महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु में 5 से 10 वर्ष की छूट मिलेगी। आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है, जबकि कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं रखी गई है।
अभ्यर्थी के पास किसी सरकारी संस्था या अधिकृत ठेकेदार के पास सफाई कार्य का न्यूनतम 1 वर्ष का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए। यह अनुभव प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद का जारी होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है।
प्रमुख शहरों में पदों का विवरण और आरक्षण व्यवस्था
भर्ती में सबसे अधिक 4,811 पद जयपुर नगरीय निकाय में हैं। इसके बाद कोटा में 1,357, बीकानेर में 1,084 और जोधपुर में 890 पद शामिल हैं। इसी तरह सीकर में 480, भरतपुर में 450, अलवर में 426, भीलवाड़ा में 296 और अजमेर में 290 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सरकारी नियमों के अनुसार भर्ती में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तय किया गया है। इसके अतिरिक्त दिव्यांग अभ्यर्थियों को 4 प्रतिशत और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 2 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्गों को भी नियमानुसार आरक्षण की पूरी सुविधा दी जाएगी।