नीट गड़बड़ी के बाद एनटीए में बड़े प्रशासनिक बदलाव, 47 अधिकारी बर्खास्त और नई भर्तियां शुरू

Share

- Advertisement -

New Delhi: नीट पेपर लीक विवाद और विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई धांधली के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सुधार शुरू कर दिए हैं। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए 47 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

शिक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली एजेंसी ने अपने ढांचे को मजबूत करने के लिए चार वरिष्ठ जनरल मैनेजर पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसके साथ ही पहली बार यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए युवा पेशेवरों को भी नियुक्त किया जा रहा है।

राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों पर हो रहे संस्थागत सुधार

प्रोफेसर के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर एनटीए का यह पुनर्गठन किया जा रहा है। सुधार प्रक्रिया के तहत चार नए जनरल मैनेजर नियुक्त किए जाएंगे। ये अधिकारी असेसमेंट रिसर्च, टेस्ट सेंटर ऑपरेशंस, इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी और विजिलेंस विभागों का नेतृत्व करेंगे।

ये नए अधिकारी एआई आधारित मूल्यांकन, साइबर सुरक्षा, डेटा प्रोटेक्शन, फॉरेंसिक जांच और देशभर के 500 से अधिक शहरों में बने केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही ये अधिकारी सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 के तहत जांच एजेंसियों और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

यूपीएससी प्रतिभा सेतु पोर्टल से पहली बार 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती

एनटीए पहली बार यूपीएससी प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति करने जा रहा है। इनमें 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 पद लीगल रिसर्च और 2 पद फाइनेंस के लिए तय किए गए हैं। इन सभी पेशेवरों का शुरुआती कार्यकाल 24 महीने का होगा।

प्रतिभा सेतु पोर्टल दरअसल यूपीएससी की सार्वजनिक प्रकटीकरण योजना का नया रूप है। इसके तहत सिविल सेवा, सीडीएस और इंजीनियरिंग सेवा जैसी परीक्षाओं में साक्षात्कार तक पहुंचने वाले गैर-चयनित प्रतिभावान उम्मीदवारों का विवरण साझा किया जाता है। आने वाले हफ्तों में एनटीए कई अन्य पदों पर भी भर्तियां करेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News