Dharamshala News: देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिक स्वर्गीय विशाल कुमार के परिवार को पांच साल बीत जाने के बाद भी प्रदेश सरकार से रोजगार के रूप में राहत नहीं मिल पाई है। बलिदानी के परिवार को मिलने वाले रोजगार के अधिकार के तहत आवेदन करने के बावजूद उनकी बहन शिवानी पिछले पांच वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रही हैं।
धर्मशाला क्षेत्र की निवासी शिवानी ने अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने और जल्द नियुक्ति दिलाने की मांग की है।
सभी परीक्षाएं पास करने के बाद भी 2021 से अटकी नियुक्ति
भाई स्वर्गीय विशाल कुमार के बलिदान के बाद परिवार को मिलने वाले रोजगार के अवसर के तहत शिवानी ने सैनिक रोजगार सेल हमीरपुर के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) पद के लिए आवेदन किया था।
शिवानी का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित सभी निर्धारित परीक्षाएं उन्होंने सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली हैं। इसके बावजूद वर्ष 2021 से अब तक उन्हें किसी भी सरकारी विभाग में पद आवंटित नहीं किया गया है।
सीएम हेल्पलाइन 1100 पर मिला मांगपत्र न होने का जवाब
नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर शिवानी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। वहां से मिले आधिकारिक जवाब में बताया गया कि संबंधित विभाग की ओर से अभी तक इस पद के लिए रिक्विजिशन (मांगपत्र) प्राप्त नहीं हुई है। विभाग से मांगपत्र न आने के कारण सभी परीक्षाएं पास करने के बावजूद उनकी नियुक्ति की फाइल आगे नहीं बढ़ पाई है।
अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्ति के लिए विचार करने की मांग
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में शिवानी ने आग्रह किया है कि उनके मामले का व्यक्तिगत संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि उनकी नियुक्ति को केवल डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी शैक्षणिक योग्यता और पात्रता के अनुरूप विभिन्न विभागों में उपलब्ध किसी भी अन्य रिक्त पद पर नियुक्ति देने के लिए विचार किया जाए।
शिवानी ने कहा कि बलिदानी सैनिक के परिवार की सदस्य होने के नाते वह लंबे समय से सरकारी रोजगार मिलने की उम्मीद लगाए बैठी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई कर परिवार को राहत प्रदान करने की अपील की है।