Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र के जाड़ला कोईडी में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे चल रहे चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले दो प्रवासी युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान प्रमोद (28) पुत्र पिंटू और शक्ति कपूर (32) पुत्र सरपंच, निवासी जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में हरदोई के ही रहने वाले छोटे लाल (45) और बढ़ेड़ा राजपूतां निवासी जस्सी (40) पुत्र गिरधारी लाल घायल हुए हैं। घायल जस्सी के पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कार चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार क्रेटा कार ने अचानक चारों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार समेत घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस कंट्रोल रूम ऊना से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल क्रेटा कार को पुलिस थाना अम्ब के अधिकार क्षेत्र में रोक लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों के साथ-साथ दुर्घटना के समय वाहन चला रहे व्यक्ति की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों और घायलों को लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।