हिमाचल के ऊना में उफनती खड्ड में बही स्विफ्ट कार, सूझबूझ से बची दो युवकों की जान

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बारिश के कारण उफनती खड्ड और काजवे एक बार फिर खतरनाक साबित होते-होते बचे। पंडोगा-गगरेट मार्ग पर बुधवार तड़के एक स्विफ्ट कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हालांकि, कार सवार दो युवकों ने समझदारी दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचा ली।

अंधेरे के कारण पानी के बहाव का नहीं लग सका सही अंदाजा

कार में सवार दोनों युवक एक निजी मोबाइल कंपनी में काम करते हैं। इनमें से एक युवक कांगड़ा के पालमपुर और दूसरा चंबा के डलहौजी का निवासी है। दोनों कर्मचारी तड़के मोबाइल टावर का कनेक्शन ठीक करने के लिए जा रहे थे। देर रात हुई मूसलधार बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था।

अंधेरा अधिक होने की वजह से चालक पानी की रफ्तार का सही अंदाजा नहीं लगा पाया और उसने गाड़ी काजवे पर आगे बढ़ा दी। इसी दौरान पानी के तेज थपेड़ों ने कार को चपेट में ले लिया। गाड़ी पानी के साथ बहने लगी, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर रेत में फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला गया

युवकों की सूचना के बाद बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर से कार को टो करके बाहर निकाला गया। इस हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला ऊना में मानसून के दौरान काजवे और उफनते नाले लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं।

इससे पहले भी अंब के टकारला, गगरेट और स्वां नदी के पास गाड़ियां तेज बहाव में फंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है। बारिश के मौसम में उफनती खड्डों, नालों और काजवे को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News