Una News: ऊना में बन रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए केंद्र और हिमाचल सरकार ने 2071 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इसमें केंद्र सरकार 1000 करोड़ और राज्य सरकार 1071 करोड़ रुपये देगी। विधानसभा में सरकार ने जानकारी दी कि अब तक प्रोजेक्ट पर 323.40 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
सरकार ने बताया कि 1 अगस्त तक 361.28 करोड़ रुपये का फंड मिला है। इसमें केंद्र से 225 करोड़ और राज्य से 136.28 करोड़ रुपये शामिल हैं। साइट पर जमीन की कटिंग, पेड़ों की कटाई, इंटरनल सड़कों, बाउंड्री और पुलों का निर्माण तेजी से जारी है। ड्रेनेज सिस्टम का काम भी चल रहा है।
बुनियादी ढांचे के विकास में जुटे कई प्रमुख सरकारी विभाग
प्रोजेक्ट की बाहरी सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग और पानी की सप्लाई का जिम्मा जल शक्ति विभाग संभाल रहा है। बिजली सप्लाई से जुड़े सभी जरूरी कार्य विद्युत बोर्ड और पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन कर रहे हैं। सरकार के अनुसार यह पार्क प्रदेश के फार्मा और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए गेम चेंजर साबित होगा।