Shimla News: ऊना जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर में सुगम दर्शन पर्ची सिस्टम से मंदिर ट्रस्ट को अगस्त 2023 से जून 2026 के बीच 16.38 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड रेवेन्यू मिला है। विधानसभा में विधायक सतपाल सिंह सत्ती के लिखित सवाल पर सरकार ने यह आधिकारिक जानकारी साझा की है।
तीन सालों में लगातार बढ़ी पर्ची से होने वाली आय
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2023 में सिस्टम शुरू होने पर पहले साल 1.43 करोड़ रुपये मिले। इसके बाद वर्ष 2024 में कुल कमाई 4.66 करोड़ रुपये और 2025 में 6.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। वहीं साल 2026 में 1 जनवरी से 30 जून तक मंदिर को 4.19 करोड़ रुपये से ज्यादा की इनकम हुई है।
सॉफ्टवेयर निरीक्षण में पाई गई खामियां, पुलिस जांच में जुटी
मंदिर अधिकारी द्वारा सुगम दर्शन पर्ची के कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की जांच के दौरान कुछ गंभीर गड़बड़ियां और अनियमितताएं सामने आईं। राज्य सरकार ने सदन में स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है और संबंधित एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके।