Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। थानाकलां-भाखड़ा मार्ग पर कोलका के पास यात्रियों से भरी एक एचआरटीसी बस दलदल में फंस गई। राहगीरों और मशीनरी की मदद से बस को खाली करवाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कोलका के पास करीब 40 से 50 मीटर का हिस्सा लंबे समय से परेशानी की वजह बना हुआ है। बरसात में पहाड़ी से लगातार मलबा और ल्हासे गिरने के कारण सड़क पूरी तरह बदहाल हो जाती है। इसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अक्सर ठप हो जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक कई सालों से इस स्थान पर स्थायी समाधान न होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। पिछले साल भी यह सड़क काफी दिनों तक बंद रही थी। मार्ग बाधित होने पर लोगों को लंबा सफर तय करना पड़ता है। हर बरसात में यहां हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी मनोज कुमार धीमान, चंदन, सतीश कुमार और सुरेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से पक्का इलाज करने की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि खड़ी पहाड़ी से लगातार गिरता मलबा बाइक सवारों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन पटियाल ने बताया कि पहाड़ी से मलबे के कारण मार्ग रुकता है। विभाग ने मौके पर जेसीबी तैनात कर रखी है। रास्ता बंद होते ही मशीन की सहायता से तुरंत मलबे को हटाकर यातायात बहाल कर दिया जाता है।